अनुवाद

हिंग्रेजी #हिन्दी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिंग्रेजी #हिन्दी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 6 अगस्त 2014

हिन्दी के प्रति आकर्षित हुए विदेशी कारोबारी

भारत में कम्पनी जगत और अमीर कारोबारी भले ही हमारी भाषा के प्रति दोयम दर्जे का व्यवहार करते हों पर विदेशियों की दृष्टि में यह भाषा भारतीय लोगों के प्रति अपनत्व दिखाने का प्रमुख माध्यम है।

अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी नारे 'सबका साथ सबका विकास' का उल्लेख पिछले सप्ताह हुई वॉशिंगटन के एक विचारशील समूह की एक महत्वपूर्ण बैठक में किया था।

अमेरिकी निजी इक्विटी निवेश संस्था “डब्ल्यूएल रॉस” के निदेशक डेविड वैक्स अपने कारोबारी लेनदेनों के सिलसिले में कई बार भारत आ चुके हैं। पिछले सप्ताह अपनी ताज़ा भारत यात्रा में वैक्स ने अपने आगंतुक-पत्र में एक ओर अपना परिचय हिन्दी में छपवाया परन्तु आप किसी भी भारतीय कंपनी के अधिकारी के आगंतुक-पत्र पर हिन्दी की कल्पना भी नहीं कर सकते, अंग्रेजी उनके रुतबे की प्रतीक बनी हुई है; वैक्स भारत में कठिनाई से गुजर रही कंपनियों में निवेश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दी का यह प्रयोग छोटा, परन्तु महत्वपूर्ण संकेत है। वैक्स ने बताया, 'इसका उद्देश्य भारतीय लोगों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को प्रकट करना था।'


इसी प्रकार जर्मन विमानन सेवा “लुफ्थांसा” का टीवी विज्ञापन भारतीय यात्रियों के साथ बेहतर तरीके से जुड़ने का प्रयास करता है। कंपनी ने पहली बार केवल भारत के लिए विज्ञापन तैयार किया है और इस विज्ञापन में उड़ान के दौरान भारतीय भोजन और फिल्मों को दिखाया गया है। लुफ्थांसा की प्रबन्धक (विपणन एवं संचार) संगीता शर्मा ने बताया, 'एक ब्रांड के तौर पर हम काफी समय से भारत में हैं...हालांकि, इस बार हम भावनात्मक जुड़ाव उत्पन्न करना चाहते थे।'

दिल्ली में कई दूतावासों ने कर्मियों को हिन्दी कक्षाओं में प्रवेश दिलवाया है। ऐसे विद्यार्थियों के अतिरिक्त कंपनियों के शोधकर्ताओं की ओर से भी हिन्दी  भाषा सीखने की मांग दिख रही है। हिन्दी  गुरु लैंग्वेजेस इंस्टीट्यूट के संस्थापक चंद्रभूषण पांडे के अनुसार, नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता संभालने के बाद पश्चिमी देशों और यहां तक कि चीन, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के लोगों ने भी भारत में हिन्दी के बढ़ते महत्त्व के बारे में बात करना शुरू किया है। पांडे ने बताया, 'चीन के कई लोगों ने हाल में मुझसे संपर्क कर कहा कि वे हिन्दी  में उन्नत पाठ्यक्रम करना चाहते हैं, क्योंकि इससे उन्हें व्यावसायिक और कूटनीतिक रिश्ते बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।' पांडे अभी मित्सुबिशी और मित्सुई जैसी कंपनियों में काम करने वाले लोगों को हिन्दी  सिखा रहे हैं। उन्होंने बताया, 'गर्मी छुट्टी समाप्त होने और लोगों के छुट्टियों से वापस आने के बाद हिन्दी  सीखने से जुड़ी पूछताछ काफी आ रही है।'

जानकारों का कहना है कि ‘देश की भाषा में बात करना और उसकी संस्कृति का सम्मान’, न केवल दोस्ती दिखाने का तरीका है, बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक मोर्चों पर संबंधित देश से सक्रिय जुड़ाव है । भारतीय प्रबन्ध संस्थान (भाप्रस- आईआईएम) अहमदाबाद के प्राध्यापक अब्राहम के कहते हैं, 'अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के बजाय स्थानीय लोगों से जुड़ना अधिक महत्वपूर्ण है।' इसलिए, जब जर्मन पर्यटन संस्थान  अपनी पेशेवर सामग्री लगभग 10 भारतीय भाषाओं में जारी करता है, तो इसमें बिल्कुल भी आश्चर्य नहीं होना चाहिए।


सौजन्य: श्री विजय कुमार मल्होत्रा


गुरुवार, 31 जुलाई 2014

भारत में हिन्दी माध्यम से पढ़े लोग हैं अनपढ़!!!

मैं नवी मुम्बई में एक मध्यमवर्गीय 'आवासीय सहकारी संस्था' में रहता हूँ  पिछले तीन वर्षों से हिन्दी की उठापटक कर रहा हूँ इसलिए भारत सरकार के लगभग सभी मंत्रालयों से चिट्ठियाँ आती रहती हैं. कई बार प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति भवन से सूचना कानून के तहत लगाए आवेदनों के उत्तर आते हैं. इस कारण से वाशी डाकघर में सभी जानने लगे हैं. पर इस सब में एक बात अवश्य है कि ये लोग मेरा थोड़ा बहुत मान भी करते हैं कि मुझे बड़े-बड़े लोगों की चिट्ठियां आती हैं पर उन्हें कौन बताए कि २० पत्र लिखने के बाद एक उत्तर आता है. हर मंत्रालय में कमोवेश यही हालत है. जनता की समस्याओं को हवा में उड़ा देना, परन्तु मैं कहाँ हार मानने वाला हूँ.

बात कुछ दिन पुरानी है, उस दिन की घटना ने मुझे चौंकाया. हमारी संस्था के चौबीस घंटे के सेवक श्री बहादुर सिंह हैं. यह भला मानुस अहर्निश संस्था की दो इमारतों की सुरक्षा में तैनात रहता है. रीवा का रहने वाला है और पाँचवीं कक्षा तक पढ़ा  है.

एक दिन दफ्तर से लौटा तो उसने प्राप्त हुई चिट्ठियों का बण्डल मुझे सौंपा और कहने लगा ' साहब ! आप को सरकार से इतनी सारी चिट्ठियों क्यों आती हैं? 

मैंने बताया कि मैं #हिन्दी के लिए थोड़ा काम करता हूँ, सरकार से उसी के लिए जवाब आता है और मैं आगे बढ़ने लगा.

तभी उसने टोका, साहब ! एक शिकायत हमें भी भई रही. आप कोई मदद कर सकत हो का?

मैंने कहा 'बोलो हो सकेगा तो ज़रूर कर दूँगा. 

उसने कहा ' या तो आप हम को अंग्रेजी सिखा दो या फिर हिन्दी के पेपरन (अख़बारों) में अंग्रेजी बंद करवा दो.' 

मैंने अनजान बनते हुए कहा 'हिन्दी पेपर तो हिन्दी में ही होता है ना!'

उसने नवभारत टाइम्स और नवभारत नाम के मुम्बई से छपने वाले अखबार के पुराने अंक दिखाते हुए कहा 'ई देखो साहब, कितनी जगह एबीसीडी लिखी है. हमको तो एबीसीडी काला अक्षर भैंसा बराबर'. इतनी अंग्रेजी आती होती तो चौकीदार काहे बनते.'

दोनों अख़बार उसने उलट-पलट कर दिखा दिए. 

दुखी मन से आगे बोला "हम तो अनपढ़ नहीं थे पर अब लगता है हम अब भी अनपढ़ हैं, का करी हैं अब हिन्दी का पेपर भी पढ़ नहीं सकत."  

उसके चेहरे पर अबूझ सी पहेली थी, फिर बोला 'साहब अब तो #हिन्दी का पेपर पढ़न वास्ते अंग्रेजी सीखन ज़रूरी भई, हम का करें!

मैं अवाक् था कि एक पाँचवीं तक पढ़ा आदमी इतनी बड़ी बात कह गया, "हम तो अनपढ़ नहीं थे पर अब लगत है हम आज भी अनपढ़ हैं."  

यह बात क्यों इन अखबारों के संपादकों और मालिकों को समझ नहीं आती. हिन्दी समाचार चैनलों और इन तथाकथित हिन्दी अख़बारों ने देश के उन करोड़ों लोगों को फिर से अनपढ़ बना दिया है, जिन्होंने ने अपनी मातृभाषा में प्राथमिक शिक्षा प्राप्त की है और अंग्रेजी नहीं पढ़ी और अंग्रेजी नहीं जानते.

बात उसकी सही थी और मैं तो पहले से अख़बारों की हिंग्रेजी से चिढ़ा हुआ था, परन्तु मेरे पास कोई समाधान नहीं.

मैंने उसे ढाढस दिया 'ऐसा मत बोलो, तुम पढ़े-लिखे हो, अपने आप को अनपढ़ मत कहो, इन अख़बारों को छोड़ो और दोपहर का सामना, यशोभूमि अथवा 'दबंग दुनिया' में से कोई भी अख़बार पढ़ लिया करो उनमें एबीसीडी नहीं छपती.' (शायद उस मजबूर इंसान को अनपढ़ वाला ख्याल चोट पहुँचा रहा था.)

मैंने अपनी राह पकड़ी और सोचते-२ इमारत की तीसरी मंजिल तक पहुँच गया जबकि घर पहली मंजिल पर ही था.