अनुवाद

RTI लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
RTI लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 14 मई 2015

प्रधानमंत्री कार्यालय से कुछ सवाल जिनका कोई उत्तर देना नहीं चाहते हैं अधिकारी

दिनांक: 13 मई 2015

सेवा में,
केन्द्रीय सूचना अधिकारी
प्रधानमंत्री कार्यालय,
नयी दिल्ली, भारत  

विषय: सूचना का अधिकार अधिनियम आवेदन

महोदय,
कृपया मेरे पिछले आवेदन क्र. PMOIN/R/2014/60666 का संज्ञान लें जो दिनांक 16/06/2014 को दाखिल किया गया था और उसके सम्बन्ध में प्रधानमंत्री कार्यालय ने पूरे छह माह में भी एक भी संतोषजनक उत्तर प्रदान नहीं किया था, विनम्र प्रार्थना है इस बार सही-२ सूचनाएँ प्रदान करें:

१.     प्रधानमन्त्री जी से संबंधित मोबाइल वेबसाइटों एवं मोबाइल एप में अभी तक राजभाषा हिन्दी का विकल्प उपलब्ध नहीं है, यह राजभाषा सम्बन्धी प्रधानमंत्री जी के 22 जुलाई 1999 के आदेश एवं 2 जुलाई 2008 को जारी राष्ट्रपति जी के आदेश (संख्या 20012 07 2005) का उल्लंघन है जिनमें 100% द्विभाषी वेबसाइट बनाने के लिए कहा गया है. इन आदेशों के उल्लंघन को रोकने हेतु इनमें राजभाषा एवं अन्य भारतीय भाषाओं के विकल्प जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (“प्रमका”) की समृद्ध ‘आईटी टीम’ क्या क्या कदम उठा रही है?
२.     प्रधानमन्त्री कार्यालय के प्रशासनिक प्रधान (संयुक्त सचिव-प्रशासन) की अध्यक्षता में पिछले तीन साल में हुई बैठकों में कितनी बार राजभाषा हिन्दी के कार्यान्वयन सम्बन्धी विषय पर बार चर्चा हुई है, विवरण दें.
३.     फिलहाल प्रधानमन्त्री जी की मुख्य वेबसाइट 100% द्विभाषी नहीं है, उसमें ‘राष्ट्रीय रक्षा कोष’ एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष’ में ऑनलाइन योगदान के पृष्ठ सिर्फ अंग्रेजी में हैं, अन्य कई टैब और अन्य वेबसाइटों के लिंक अभी भी सिर्फ अंग्रेजी में हैं, जो कि प्रधानमंत्री जी के 22 जुलाई 1999 के आदेश एवं राष्ट्रपति जी के 2 जुलाई 2008 के आदेश का उल्लंघन है, प्रमका ने राष्ट्रपति जी के आदेश के पालन के लिए क्या कार्यवाही की है?
४.     प्रधानमंत्री के चीनी सामाजिक मीडिया साइट वेइबो पर आधिकारिक वार्तालाप खाते पर नाम एवं परिचय सिर्फ चीनी भाषा में लिखा गया, सन्देश भी केवल चीनी भाषा में डाले जाते हैं जबकि प्रधानमंत्री जी के आधिकारिक फेसबुक/यूट्यूब/ट्विटर आदि खातों पर नाम-परिचय में भारत सरकार की राजभाषा हिन्दी को कोई स्थान नहीं दिया गया है, ऐसा करने का निर्णय किसने लिया? वहाँ किस नियम के तहत नाम-परिचय में राजभाषा हिन्दी को प्रयोग नहीं किया गया है, नियम की प्रति प्रदान करें?
५.     किसी न किसी नियम/आदेश/निर्णय के अनुसार ही प्रमका में कामकाज संचालित होता इसलिए बताएँ कि प्रधानमंत्री जी के आधिकारिक फेसबुक/यूट्यूब/ट्विटर आदि खातों पर अंग्रेजी को प्राथमिकता देने का निर्णय/आदेश किस अधिकारी ने लिया है?
६.     प्रधानमंत्री जी के आधिकारिक ट्विटर/फेसबुक/यूट्यूब खातों को संभालने वाली सोशल मीडिया टीम में नियुक्त अधिकारी/अधिकारियों के नाम,पदनाम एवं ईमेल पते सूचित करें? इनमें से कितने अधिकारियों को हिन्दी टंकण का ज्ञान है?
७.     संविधान के अनुच्छेद 343 के अनुसार भारत की राजभाषा हिन्दी और लिपि देवनागरी है इसलिए भारत सरकार के हर कार्यालय में हिन्दी को प्राथमिकता मिलनी चाहिए पर  प्रधानमंत्री जी से संबंधित सभी वेबसाइटें प्राथमिक आधार पर स्वतः (बाई डिफाल्ट) अंग्रेजी में खुलती हैं, ऐसा निर्णय किसने लिया? जब श्री मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब तक प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट का होमपेज बाई डिफाल्ट द्विभाषी था, जिसमें राजभाषा हिन्दी को प्राथमिकता दी गई थी, अंग्रेजी को प्राथमिकता देने का निर्णय किस अधिकारी ने लिया?

शुक्रवार, 6 जून 2014

मैंने पूछे प्रधानमंत्री कार्यालय से ये प्रश्न, आप भी पूछ सकते हैं.

हम जाँचना चाहते हैं कि राजभाषा के सम्मान व राजभाषा को प्रोत्साहन देने हेतु प्रधानमन्त्री कार्यालय (प्रमका) कितना सजग व तत्पर है अतः निम्न प्रश्न जन सूचना अधिकार के अंतर्गत पूछे जाते हैं, कृपया 30 दिनों के अंदर हिन्दी में उत्तर दें:
1.       प्रमका में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी की अध्यक्षता में विगत वर्ष 2013-14 में कितनी स्टाफ की बैठकें हुईं?
2.       क्या उनमें राजभाषा में कामकाज करने संबंधी विषय आया? यदि हाँ, तो उस संबंध में हुई चर्चा और निर्णय की प्रतियाँ उपलब्ध कराएँ । यदि नहीं तो बताएँ कि 01-04-2011 से 31-03-2014 तक राजभाषा के नियम- अनुपालन संबंधित कितनी बार चर्चा हुई तथा इसके निर्णय व कार्यान्वयन का क्या-२ विवरण मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को दिया गया?
3.       प्रमका में निदेशक अथवा उससे उच्च श्रेणी के कितने अधिकारी हैं – सूची दें। उनमें से किस किस को हिन्दी टंकण की  अत्यंत सुविधापूर्वक आदर्श प्रणाली अर्थात् इनस्क्रिप्ट प्रणाली की जानकारी है, नाम बतायें।
4.       वरिष्ठ अधिकारियों की हिन्दी संबंधी जागरुकता व ज्ञान बढ़ाने हेतु प्रमका ने विगत पाँच वर्षों में कितनी बार अपने किस-२ अधिकारी को प्रशिक्षण के लिये भेजा, नाम, पदनाम सहित सूची दें।
5.       प्रमका के कामकाज में राजभाषा को प्रोत्साहन देने हेतु प्रमका का अगले पाँच वर्षों के लिये दृष्टिकोण-पत्र (विज़न-डॉक्यूमेंट) क्या है?
6.       प्रमका में कार्यरत कर्मचारी/ अधिकारियों के परिचय-पत्र (आई-कार्ड) किस भाषा में बनाए गए हैं, एक नमूना उपलब्ध करवाएँ?
7.       प्रधानमन्त्री कार्यालय परिसर में लगे हुए सूचना-पट्ट (जैसे–मुख्य-द्वार/प्रवेश/निकास/पेयजल/प्रसाधन/स्वागत कक्ष आदि) एवं नाम-पट्ट किस भाषा में बनाए गए हैं, एक नमूना उपलब्ध करवाएँ?
8.       प्रधानमन्त्री कार्यालय में किस-किस भाषा के कौन-२ से समाचार-पत्र मँगाए जाते हैं, सूची दें?
9.       प्रमका की नयी वेबसाइट पर निम्न कमियाँ पायी गयीं हैं:
(क).       भारत की राजभाषा हिन्दी है फिर भी उसकी उपेक्षा करते हुए प्रमका की वेबसाइट अंग्रेजी में पहले (बाई-डिफ़ॉल्ट) किस नियम/आदेश से खुलती  है, जबकि देश में अंग्रेजी जानने वाले नागरिक मात्र 5 % हैं और हिन्दी जानने वाले 80%?
(ख).      ‘प्रधानमन्त्री के साथ बातचीत करें’ फॉर्म में हिन्दी फॉण्ट स्वीकार नहीं किये जाते हैं, उन्हें प्रतिबंधित किया गया है.
(ग).       अंग्रेजी वेबसाइट तुरंत अद्यतित की जाती है जबकि हिन्दी वेबसाइट कई घंटों बाद.
(घ).       प्रधानमन्त्री को भेजे ईमेल अथवा ऑनलाइन-पत्र की प्राप्ति-स्वीकृति(एक्नोलेजमेंट) केवल अंग्रेजी में ही भेजी जाती है जो राजभाषा नियम १९७६ का उल्लंघन है.
(ङ).        प्रमका के आधिकारिक ट्विटर और फेसबुक खातों पर परिचय हिन्दी-अंग्रेजी दोनों भाषाओं में लिखा जाना चाहिए और अपडेट्स भी दोनों भाषाओं में बारी-२ से डाले जाने चाहिए ताकि प्रधानमन्त्री जी के निर्णयों/निर्देशों/विचारों की जानकारी आम जनता तक जनभाषा में सीधे पहुँच सके.
(च).       वेबसाइट पर दिनांक में महीनों के नाम केवल रोमन(अंग्रेजी) (May 25, 2014, May 28, 2014 अथवा June 02, 2014) में प्रदर्शित होते हैं और उनमें राष्ट्रीय पंचांग (शक संवत्) की भी उपेक्षा की गई है. राष्ट्रीय पंचांग (शक संवत्) की तिथियों का भी उल्लेख किया जाना चाहिए अन्यथा यह विलुप्त हो जाएगा.
इन कमियों (क) से (च) को कब दूर किया जाएगा? इस सम्बन्ध में नियमानुसार सुधार हेतु आम नागरिक किस सक्षम अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं?
10. नए मंत्रिमंडल की बैठकों में प्रयोग होने वाली मंत्रियों के नाम-मंत्रालय के नाम वाली मेज-पट्टिकाएँ किस भाषा में बनाई जाती हैं, एक नमूना उपलब्ध करवाएँ?


आवेदक:
प्रवीण जैन 

गुरुवार, 18 जुलाई 2013

गुजरात में गुजराती और तमिलनाडु में तमिल में नहीं हो सकता हाई कोर्ट का काम: सरकार ने ठुकराई माँग

अपील प्राधिकारी ने अपने केलोसूअ का भरपूर बचाव किया है भले ही उसने पहले गलत जानकारी अंग्रेजी में दी थी:


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से १५ जून की आर टी आई के उत्तर

हर उत्तर में लीपापोती की गई है, उत्तर को घुमाफिराकर सूप्रम का बचाव किया गया:



मंगलवार, 25 जून 2013

क्या करेंगे आप जब केन्द्रीय सूचना आयोग ही हिंदी में नहीं देता कोई जवाब?

दिनांक: २३ जून 2013  

प्रति,
केन्द्रीय लोक सूचना अधिकारी, 
केन्द्रीय सूचना आयोग , भारत सरकार
अगस्त क्रांति भवन, भीकाजी कामा महल, नई दिल्ली - ११००६६ 

विषय: सूचना का अधिकार 2005 के अधीन सूचना प्राप्त हेतु.

महोदय,
उपर्युक्त विषयान्तर्गत निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर हिन्दी में प्रदान करने की कृपा करें:
1)     केन्द्रीय सूचना आयोग के मुख्यालय में राजभाषा अनुपालन की क्या स्थिति है?
2)     क्या केन्द्रीय सूचना आयोग ने हिन्दी सलाहकार समिति अथवा राजभाषा कार्यान्वयन समिति गठित की है? ऐसी समिति की पिछले एक वर्ष की बैठकों का विवरण प्रदान करें.
3)     केन्द्रीय सूचना आयोग के मुख्यालय में राजभाषा अनुपालन के लिए कितने अधिकारी नियुक्त किए गए हैं उनका विवरण क्या है?
4)     केन्द्रीय सूचना आयोग के सामाजिक माध्यमों (ट्विटर, फेसबुक, यूट्यूब, पिंटरेस्ट, ब्लॉग आदि) के आधिकारिक पतों की जानकारी दें और बताएँ कि ये किस-२ तिथि को शुरू किए गए? एवं इन पर जानकारी किस भाषा में डाली जाती है?
5)     केन्द्रीय सूचना आयोग ने अपनी मुख्य वेबसाइट एवं सीआईसी ऑनलाइन की वेबसाइट http://rti.india.gov.in/ कब (दिनांक) और किस भाषा में शुरू की गई थी?
6)     केन्द्रीय सूचना आयोग ने सीआईसी ऑनलाइन की वेबसाइट http://rti.india.gov.in/ कब (दिनांक) हिन्दी में शुरू की थी?
7)     केन्द्रीय सूचना आयोग की सीआईसी ऑनलाइन की वेबसाइट http://rti.india.gov.in/ का मुख्य बैनर अभी केवल अंग्रेजी में बनाया गया है उसे कब हिन्दी में बनाया जाएगा ?
8)     केन्द्रीय सूचना आयोग की नागरिक सेवा वेबसाइट http://www.rti.gov.in/ एवं सीआईसी ऑनलाइन की वेबसाइट http://rti.india.gov.in/ की राजभाषा में उपलब्धता, नवीनतम एवं त्रुटिविहीन जानकारी के कौन अधिकारी उत्तरदायी है, उनका नाम/पता/ईमेल सहित पूरा विवरण प्रदान करें?
9)     केन्द्रीय सूचना आयोग की मुख्य वेबसाइट http://cic.gov.in/ हिन्दी में उपलब्ध नहीं है, हिन्दी वेबसाइट कब आरंभ होगी?
10)   नागरिक सेवा वेबसाइट http://www.rti.gov.in/ का हिन्दी संस्करण आधा-अधूरा है और यह वेबसाइट समय-२ पर अद्यतन नहीं की जा रही है. कई पृष्ठों पर क्लिक करने पर अंग्रेजी वेबसाइट के पृष्ठ अथवा अंग्रेजी पीडीएफ फाइलें खुल जाती हैं, कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ हिन्दी में उपलब्ध नहीं हैं, उपलब्ध हिन्दी सामग्री में वर्तनी की ढेरों त्रुटियाँ भी हैं, मुखपृष्ठ पर भी त्रुटियाँ है. इन सभी कमियों को कब तक दूर कर लिया जाएगा? इसकी क्या योजना है? 
11)   चूँकि हिन्दी भारत सरकार की राजभाषा है फिर भी केन्द्रीय सूचना आयोग सीआईसी ऑनलाइन की वेबसाइट http://rti.india.gov.in/ एवं http://www.rti.gov.in/ मूलरूप से अंग्रेजी में खुलती हैं नाकि हिन्दी में. ऐसा किस नियम/प्रावधान/निर्णय/आदेश के अधीन किया जा रहा है, उसकी प्रति उपलब्ध करवाएँ?
12)   नागरिक सेवा वेबसाइट http://www.rti.gov.in/ की हिन्दी वेबसाइट पर १००% सामग्री हिन्दी में कब उपलब्ध होगी?
13)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा हिन्दी में प्राप्त अपीलों एवं शिकायतों के निर्णय/आदेश किस भाषा में जारी किए जाते हैं?
14)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा पिछले एक वर्ष में आरटीआई सम्बन्धी कितने निर्णय/आदेश हिन्दी में जारी किए, विवरण दें?
15)   किस नियम/प्रावधान/अधिनियम के अनुसार १२वीं पंचवर्षीय योजना अंग्रेजी भाषा में पहले जारी की गई, उसकी प्रति उपलब्ध करवाएँ?
16)   केन्द्रीय सूचना आयोग के मुख्यालय में प्रयोग में लाये जा रहे पत्र-शीर्ष, लिफाफे, रबर की मुद्राएँ, अधिकारियों के नामपट, फाइल आवरण पर विवरण, दिशा-सूचक निर्देश (साइनेज) आदि किस भाषा में बनाये गए हैं?
17)   केन्द्रीय सूचना आयोग के मुख्यालय में प्रयोग में लाये जा रहे ऐसे पत्र-शीर्ष, लिफाफे, रबर की मुद्राएँ आदि का विवरण प्रदान करें जो केवल अंग्रेजी में हैं?
18)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा जारी की जाने वाली प्रेस-विज्ञप्तियाँ मूल रूप से किस भाषा में जारी की जाती हैं, इस सम्बन्ध में क्या नियम हैं?
19)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा पिछले एक वर्ष में कितनी प्रेस विज्ञप्तियाँ हिन्दी में जारी की गईं?
20)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा गत ३ वर्षों में कितने समारोह/सम्मेलन/प्रेस सम्मेलन आयोजित किए गए? इनमें से कितने कार्यक्रमों के आमंत्रण-पत्र, बैनर, पोस्टर केवल अंग्रेजी में बनाये गए?
21)   आगे यह भी बताएँ कि इनमें से कितने कार्यक्रमों में मुख्य-अतिथियों के नाम की मेज पट्टिका (टेबल नेम प्लेट) केवल अंग्रेजी में बनाई गई?
22)   केन्द्रीय सूचना आयोग द्वारा गत ३ वर्षों में आयोजित उन समारोह/सम्मेलन/प्रेस सम्मेलन आदि का विवरण दें जिनके आमंत्रण-पत्र, बैनर, पोस्टर, बिल्ले आदि हिन्दी अथवा द्विभाषी (हिन्दी –अंग्रेजी) में बनाये गए?
23)   केन्द्रीय सूचना आयोग  द्वारा प्रदान किए जाने वाले विभिन्न पुरस्कारों के साथ प्रदान किए जाने वाले स्मृतिचिह्न (मेमेंटो) एवं प्रशस्तिपत्र/प्रमाण-पत्रों पर किस भाषा का प्रयोग किया जाता है, तत्सम्बन्धी आदेश/नियम क्या है?
24)   केन्द्रीय सूचना आयोग के अधीन/ नियंत्रण में आने वाली कितनी वेबसाइटें राजभाषा में उपलब्ध हैं? उनका पता क्या है?
25)   केन्द्रीय सूचना आयोग में कौन-२ से कार्य मूल रूप से राजभाषा में किए जाते हैं, सूचित करें?
26)   मैंने २ नवंबर २०१२ को अपने ईमेल आईडी cs.praveenjain@gmail.com से निम्नलिखित ईमेल आईडी: vijay.bhalla@nic.in, kl.das@nic.in, dhirendra.k@nic.in, tk.mohapatra@nic.in, 
dc.singh@nic.in पर केन्द्रीय सूचना आयोग की हिन्दी वेबसाइट उपलब्ध ना होने की बात उठाते हुए शिकायत की थी, समय-२ पर ६ अनुस्मारक भी भेजे, राजभाषा विभाग ने भी मेरी शिकायत को संज्ञान में लेकर आयोग को पत्र लिखा था. कृपया बताएँ कि क्या मेरा उक्त शिकायती ईमेल / अनुस्मारक एवं राजभाषा विभाग का पत्र आयोग को मिले हैं ? यदि हाँ  तो आयोग ने उस पर अब तक क्या कार्यवाही की है?
27)   आयोग में ऑनलाइन शिकायतों के निपटारे के लिए क्या नियम हैं?
28)   आरटीआई ऑनलाइन (rtionline.gov.in) वेबसाइट कब हिन्दी में शुरू की जाएगी?

आवेदक:


संलग्न: शुल्क हेतु १० रु का भाडाआ (आईपीओ)


गुरुवार, 20 जून 2013

फैशन मॉडलों की अश्लील फोटोग्राफी एवं फोटोग्राफी के वीडियो का यूट्यूब एवं अन्य ऑनलाइन वीडियो वेबसाइटों पर प्रसारण

१७ जून २०१३

प्रति,
केन्द्रीय जन सूचना अधिकारी
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय
ए-विंग, शास्त्री भवन, नई दिल्ली – ११०००१

विषय: सूचना का अधिकार अधिनियम २००५ के अधीन सूचना प्राप्त करने हेतु आवेदन

महोदय/महोदया,
कृपया निम्नलिखित सूचनाएँ भारत की राजभाषा में प्रदान करने की कृपा करें:

भारत में इंटरनेट का आगमन, फिल्मों/टीवी पर बढ़ती अश्लीलता, देह-प्रदर्शन, विदेश से आयातित अश्लील सीडी और गंदे साहित्य का खुलेआम विक्रय होने से भारतीय संस्कृति और संस्कारों का सफाया किया जा रहा है, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध यौन-अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं. जगह-जगह खुलती शराब की दुकानों ने भी आग में घी का काम किया है. दिल्ली में रविवार, १६ दिसंबर २०१२ की  रात चलती बस में हुए एक मासूम युवती के सामूहिक बलात्कार ने सम्पूर्ण भारतवर्ष को झकझोर दिया. हर कोई गुस्से में था और बलात्कारियों को कड़े दण्ड की माँग कर रहा था. बलात्कारियों को कड़ी-से कड़ी सजा तो मिलनी ही चाहिए पर साथ ही बलात्कार जैसे अपराधों को बढ़ाने वाले कारणों पर भी कठोर अंकुश लगाना सरकार का काम है.

प्रश्न  १: कृपया बताएँ कि सरकार द्वारा निम्नलिखित के लिए क्या नियम, कानून और दिशा-निर्देश बनाए गए हैं:
(क). टीवी कार्यक्रमों/ धारावाहिकों/फिल्मों में बलात्कार के दृश्य, सेक्स एवं अश्लील सामग्री तथा अश्लील विज्ञापन, मध्यरात्रि में अर्धनग्न माडलों द्वारा टीवी पर टीवी शॉपिंग विज्ञापन
(ख). देश के प्रमुख समाचार-पत्रों एवं समाचार चैनलों की वेबसाइटों पर माडलों, हीरोइनों के अश्लील चित्र तथा अश्लील ख़बरों का निरंतर प्रकाशन
(ग).   कतिपय भारतीय माडलों द्वारा अपनी अश्लील वेबसाइटों का खुला प्रचार और प्रदर्शन
(घ).   वयस्क फिल्मों की सीडी/कैसेट आदि की खुले बाजार, स्टेशनों, बस अड्डों आदि पर बिक्री
(ङ).  पॉर्न फ़िल्म में काम करने वाले कलाकारों द्वारा भारत की फिल्मों और धारावाहिकों में काम करना, [ये सभी कलाकार भारत में पॉर्न को बढ़ावा दे रहे हैं]
(च).  पोर्न वेबसाइट, पॉर्न फिल्म के भारत में प्रदर्शन की अनुमति
(छ).  अख़बारों में अश्लील चित्रों एवं अश्लील सामग्री के प्रकाशन के नियम
(ज).  फैशन, जीवनशैली एवं पर्यटन आदि से संबंधित टीवी चैनलों पर अश्लील/सेक्स  सामग्री का प्रदर्शन
(झ).  फैशन मॉडलों की अश्लील फोटोग्राफी एवं फोटोग्राफी के वीडियो का यूट्यूब एवं अन्य ऑनलाइन वीडियो वेबसाइटों पर प्रसारण
(ञ).  पॉर्न सामग्री वाली अश्लील पुस्तकों और पत्रिकाओं का प्रकाशन एवं बिक्री
(ट).    फैशन, जीवनशैली, पर्यटन एवं फ़िल्मी दुनिया से जुड़ी पत्रिकाओं में अश्लील/सेक्स सामग्री (अभिनेत्रियों/मॉडलों के अश्लील चित्र और पाठ्य सामग्री)
(ठ).   फिल्मों और धारावाहिकों में सेक्स का चित्रण, शराब एवं शराबखोरी का प्रदर्शन एवं प्रचार  
प्रश्न २: मंत्रालय ने प्रश्न १ के (क) से (ठ) तक में बताई गई गतिविधियों को रोकने एवं इनपर नियंत्रण करने के लिए गत ३ वर्षों में क्या कदम उठाए हैं?
प्रश्न ३: देश के प्रमुख समाचार-पत्रों एवं समाचार चैनलों की वेबसाइटों पर माडलों, हीरोइनों के अश्लील चित्र तथा अश्लील ख़बरों के निरंतर प्रकाशन के विरुद्ध मंत्रालय ने किस-२ अखबार/चैनल के विरुद्ध कार्यवाही की है?

आवेदक: 

आवेदन शुल्क के रूप में १० रुपये का ‘लेखाधिकारी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय’ के नाम देय भारतीय पोस्टल ऑर्डर संलग्न है. 

सूचना प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय लोक सूचना अधिकारी से प्रश्न

प्रति,
केन्द्रीय लोक सूचना अधिकारी, 
सूचना प्रसारण मंत्रालय (सूप्रम)
कमरा नं. ६५३, शास्त्री भवन, नई दिल्ली – ११०००१

विषय: सूचना का अधिकार 2005 के अधीन सूचना प्राप्त हेतु.

महोदय,
उपर्युक्त विषयान्तर्गत निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर हिन्दी में प्रदान करने की कृपा करें, सूप्रम से आशय सूचना प्रसारण मंत्रालय से है :
1)     सूप्रम के मुख्यालय में राजभाषा अनुपालन की क्या स्थिति है?
2)     क्या सूप्रम ने हिन्दी सलाहकार समिति अथवा राजभाषा कार्यान्वयन समिति गठित की है? ऐसी समिति की पिछले २ वर्ष की बैठकों का विवरण प्रदान करें.
3)     सूप्रम के मुख्यालय में राजभाषा अनुपालन के लिए कितने हिन्दी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं उनका विवरण क्या है?
4)     सूप्रम के सामाजिक माध्यमों (ट्विटर, फेसबुक आदि) के आधिकारिक पतों की जानकारी दें, इन पर हिन्दी का प्रयोग कब से आरम्भ किया जाएगा? केवल अंग्रेजी के प्रयोग का निर्णय/आदेश किसका है उसकी प्रति उपलब्ध करवाएँ?
5)     सूप्रम की मुख्य वेबसाइट की राजभाषा में उपलब्धता, नवीनतम एवं त्रुटिविहीन जानकारी के कौन अधिकारी उत्तरदायी है, उनका नाम/पता/ईमेल सहित पूरा विवरण प्रदान करें?
6)     सूप्रम की मुख्य हिन्दी वेबसाइट पर अभी कई पृष्ठ हिन्दी में उपलब्ध नहीं हैं, उसपर उपलब्ध हिन्दी सामग्री में वर्तनी की ढेरों त्रुटियाँ भी हैं, मुखपृष्ठ पर भी त्रुटियाँ है. इन सभी कमियों को कब तक दूर कर लिया जाएगा? इसकी क्या योजना है? 
7)     सूप्रम की मुख्य वेबसाइट के मुखपृष्ठ पर केवल अंग्रेजी में Welcome to Ministry of Information & Broadcasting लिखा है उसके आगे/ऊपर “सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर स्वागत है” कब लिखा जाएगा?
8)     सूप्रम के मुख्यालय में प्रयोग में लाये जा रहे पत्र-शीर्ष, लिफाफे, रबर की मुद्राएँ, अधिकारियों के नामपट, फाइल आवरण पर विवरण, दिशा-सूचक निर्देश (साइनेज) आदि किस भाषा में बनाये गए हैं?
9)     सूप्रम के मुख्यालय में प्रयोग में लाये जा रहे ऐसे पत्र-शीर्ष, लिफाफे, रबर की मुद्राएँ, अधिकारियों के नामपट, फाइल, दिशासूचक-निर्देश (साइनेज) आदि का विवरण प्रदान करें जो केवल अंग्रेजी में हैं?
10)   सूप्रम द्वारा जारी की जाने वाली प्रेस-विज्ञप्तियाँ मूल रूप से किस भाषा में जारी की जाती हैं, इस सम्बन्ध में क्या नियम हैं?
11)   सूप्रम द्वारा गत ३ वर्षों में कितने समारोह/सम्मेलन/प्रेस सम्मेलन आयोजित किए गए? इनमें से कितने कार्यक्रमों के आमंत्रण-पत्र, बैनर, पोस्टर केवल अंग्रेजी में बनाये गए?
12)   आगे यह भी बताएँ कि  इनमें से कितने कार्यक्रमों में मुख्य-अतिथियों के नाम की मेज पट्टिका (टेबल नेम प्लेट) केवल अंग्रेजी में बनाई गई?
13)   भारत सरकार द्वारा प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के साथ प्रदान किए जाने वाले स्मृतिचिह्न (मेमेंटो) एवं प्रशस्तिपत्र पर किस भाषा का प्रयोग किया जाता है, तत्सम्बन्धी आदेश/नियम क्या है?
14)   सूप्रम के अधीन/ नियंत्रण में कार्यरत निकायों की सूची प्रदान करें.
15)   सूप्रम के अधीन/ नियंत्रण में कार्यरत निकायों में राजभाषा अनुपालन की क्या स्थिति है?
16)   सूप्रम के अधीन/ नियंत्रण में कार्यरत कितने निकायों की वेबसाइटें राजभाषा में उपलब्ध हैं? उनका पता क्या है?
17)   जिन निकायों की वेबसाइटें हिन्दी में उपलब्ध नहीं हैं?  उनकी हिन्दी वेबसाइटें कब आरंभ की जाएँगी, उसकी क्या योजना है?
18)   भारत में प्रदर्शित होने वाली फिल्मों एवं उनके प्रोमोज़ के नाम/शीर्षक एवं फिल्म/प्रोमोज़  के आरम्भ और अंत में (कलाकारों/गायकों के नाम/फिल्म निर्माण टीम आदि के नाम) जो कुछ भी स्क्रीन पर लिखा हुआ दिखाई देता है, उस सम्बन्ध में क्या नियम है? जैसे ऐसे शीर्षक/नाम एवं अन्य विवरण किस भाषा और लिपि में प्रदर्शित किए जाने चाहिए? 
[सूप्रम अविलम्ब ऐसा नियम बनाए कि भारत में प्रदर्शित/उद्घाटित/रिलीज़ होने वाली फ़िल्में जिस भाषा की होंगी उसके नाम /शीर्षक और फिल्म के आरम्भ, अंत और फिल्म के दौरान एवं /उनके प्रोमोज़ में जो कुछ भी स्क्रीन पर लिखा हुआ दिखाई देता है, वह उसी भाषा में लिखा/टाइप किया होना अनिवार्य होगा जिस भाषा की वह फिल्म है. जैसे गुजराती अथवा तमिल भाषा की फिल्म में स्क्रीन पर लिखा हुआ सबकुछ गुजराती और तमिल में हो. यदि तमिल फिल्म का नाम अंग्रेजी में है तो भी उसे तमिल की लिपि में प्रदर्शित किया जाना अनिवार्य किया जाना चाहिए. फिल्म निर्माता फिल्म की मूल भाषा से इतर अन्य किसी भी वैकल्पिक भाषा (अंग्रेजी सहित) प्रयोग करना चाहे तो उसे इसकी छूट दी जाए परन्तु जिस भाषा की फिल्म है उसके सभी विवरण (टाइटल्स) उसी भाषा में लिखना अनिवार्य किया जाए]

19)   भारत में प्रदर्शित होने वाली फिल्मों/वृत्तचित्र/धारावाहिक/टीवी शो/ कार्यक्रमों के पोस्टर/सीडी एवं कैसेट के आवरण/वेबसाइट आदि किस भाषा में बनाये जाने चाहिए, उस सम्बन्ध में क्या नियम हैं? 
[जैसे गुजराती अथवा तमिल भाषा की फिल्म के पोस्टर/सीडी एवं कैसेट के आवरण/वेबसाइट आदि में गुजराती और तमिल प्रयोग करना अनिवार्य किया जाए. फिल्म निर्माता फिल्म की मूल भाषा से इतर अन्य कोई वैकल्पिक भाषा (अंग्रेजी अथवा हिन्दी) का प्रयोग करना चाहे तो उसे इसकी छूट दी जाए परन्तु जिस भाषा की फिल्म है उसका प्रयोग और उसको प्राथमिकता देना अनिवार्य किया जाए]

20)   भारत सरकार द्वारा मान्य/पंजीकृत सभी टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले सभी वृत्तचित्र/धारावाहिक/टीवी शो/ कार्यक्रमों/ समाचार अंकों (बुलेटिनों) के नाम/शीर्षक एवं कार्यक्रम आदि के आरम्भ और अंत में (कलाकारों/गायकों के नाम/कार्यक्रम निर्माण टीम आदि के नाम) जो कुछ भी स्क्रीन पर लिखा हुआ दिखाई देता है, उस सम्बन्ध में क्या नियम है? जैसे ऐसे शीर्षक/नाम एवं अन्य विवरण किस भाषा और लिपि में प्रदर्शित किए जाने चाहिए?
[जैसे गुजराती अथवा तमिल भाषा के सभी वृत्तचित्र/धारावाहिक/टीवी शो/ कार्यक्रमों/ समाचार अंकों (बुलेटिनों) के नाम/शीर्षक एवं कार्यक्रम आदि के आरम्भ और अंत में (कलाकारों/गायकों के नाम/कार्यक्रम निर्माण टीम आदि के नाम) जो कुछ भी स्क्रीन पर दिखाई देता है उसमें गुजराती और तमिल प्रयोग करना अनिवार्य किया जाए. वृत्तचित्र/धारावाहिक/टीवी शो/ कार्यक्रमों/ समाचार अंकों (बुलेटिनों)के निर्माता मूल भाषा से इतर अन्य कोई वैकल्पिक भाषा का प्रयोग करना चाहे तो उसे इसकी छूट दी जाए परन्तु जिस भाषा का वृत्तचित्र/धारावाहिक/टीवी शो/ कार्यक्रमों/ समाचार अंक (बुलेटिन) है उसका प्रयोग और उसको प्राथमिकता देना अनिवार्य किया जाए]

21)   भारत सरकार द्वारा मान्य/पंजीकृत सभी टीवी चैनलों द्वारा अपनी आधिकारिक वेबसाइट बनाये जाने के सम्बन्ध में क्या नियम हैं और ऐसी वेबसाइट किस भाषा में बनाई जानी चाहिए?
22)   हर वर्ष भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया) के आयोजन में हर स्तर पर भारत की राजभाषा की घोर उपेक्षा की जाती है और राजभाषा सम्बन्धी प्रावधानों का खुला उल्लंघन होता है. उल्लंघन की बानगी कुछ इस प्रकार है : (क) समारोह के बैनर, पोस्टर, हस्त-पुस्तिकाएँ, सूची-पत्र (कैटलाग) केवल अंग्रेजी में छापे जाते हैं जबकि इन्हें अनिवार्य रूप से हिन्दी-अंग्रेजी दोनों में  होना चाहिए. (ख). समारोह का प्रतीकचिह्न  भी केवल अंग्रेजी में जारी किया जाता गया है और वर्षों से ऐसा हो रहा है. (ग) समारोह की वेबसाइट की वेबसाइट भी केवल अंग्रेजी में बनायी है. भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आयोजन में राजभाषा के अनुपालन की जिम्मेदारी किस अधिकारी की होती है उसका नाम, पदनाम, पता, फैक्स नम्बर एवं ईमेल आईडी क्या है? 
23)   भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का प्रतीकचिह्न किस नियम के अन्तर्गत केवल अंग्रेजी में बनाया गया है उसकी प्रति उपलब्ध करवाएँ. भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ki hindi website kab banegi?
24)   भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एवं इसी तरह के भारत में आयोज्य अन्य अन्तराष्ट्रीय कार्यक्रमों के आयोजन में राजभाषा के अनुपालन के लिए मंत्रालय ने पिछले ३ वर्षों में क्या कदम उठाए हैं?
25)   ४४वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस वर्ष दिनांक: २० से ३० नवंबर २०१३ के बीच आयोजित होगा उसमें राजभाषा के अनुपालन और हिन्दी के प्रयोग को सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय क्या कदम उठा रहा है? उसकी क्या योजना है? 
26)   क्या इस वर्ष ४४वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रयोग होने वाले/जारी होने वाले सभी आमंत्रण-पत्र/बैनर/पोस्टर/सूची-पत्र(फिल्म-कैटलाग) आदि हिन्दी को प्राथमिकता देते हुए द्विभाषी बनाए जाएँगे? इस सम्बन्ध में मंत्रालय ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की आयोजन समिति को क्या निर्देश दिए हैं?
आवेदक:


संलग्न: शुल्क हेतु १० रु का भाडाआ (आईपीओ)

सूप्रम से प्राप्त उत्तर यहाँ देखें: http://hamaribhasha2050.blogspot.in/2013/07/blog-post_18.html