अनुवाद

सोमवार, 23 अक्तूबर 2017

भारतीय खाद्य निगम में चौकीदार की भर्ती के लिए अंग्रेजी ज्ञान अनिवार्य

दिनांक:  16 अक्तूबर 2017

सेवा में,
श्री किरेन रिजीजू 
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री,
भारत सरकार, नई  दिल्ली

सचिव/संयुक्त सचिव, 
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय 
नई दिल्ली 

विषय: भारतीय खाद्य निगम में चौकीदार की भर्ती के लिए अंग्रेजी ज्ञान अनिवार्य क्यों?

महोदय,
आम जनता से जुड़ा यह निगम राजभाषा कानून का पालन करने में पूरी तरह विफल हुआ है. इनकी मुख्य वेबसाइट http://fci.gov.in पर कोई भी नवीन जानकारी या दस्तावेज अथवा राजभाषा अधिनियम की धारा 3 (3) के प्रपत्र हिंदी में नहीं है| 2014 के बाद से कोई प्रेस विज्ञप्ति तक हिंदी में नहीं है, ये देखें http://fci.gov.in/pressreleases.php

भारतीय खाद्य निगम ने हाल ही में १२ अक्तूबर २०१७ को  हिंदी भाषी राज्य मध्य प्रदेश के लिए चौकीदार की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करके भारतीय उम्मीदवारों से आवेदन मंगाए हैं। शैक्षिक तौर इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवार हेतु किसी मान्यताप्राप्त संस्‍थान से8वीं पास होना एवं अंग्रेजी का ज्ञान अनिवार्य निर्धारित किया गया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन अंग्रेजी में  करना अनिवार्य है जो वेबसाइट http://www.fcimpapply.com/Home.aspx और http://fciregionaljobs.com/ के माध्यम से ही किया जा सकता है|

निम्नलिखित विषयों पर भारतीय खाद्य निगम से स्पष्टीकरण माँगा जाए कि:

  1. राजभाषा नियमों का उल्लंघन करते हुए वेबसाइट http://www.fcimpapply.com/Home.aspx  और http://fciregionaljobs.com/ केवल अंग्रेजी में क्यों बनाई गई हैं?
  2. वेबसाइट पर भर्ती के अनिवार्य दस्तावेज जैसे अधिसूचना, प्रश्नोत्तर, रिक्तियों की संख्या, आवेदन कैसे करें, प्रमाण-पत्रों के प्रारूप आदि को केवल अंग्रेजी में क्यों डाला गया है? उक्त दस्तावेजों को हिंदी में देखने के लिए आवेदक कहाँ जाए, किसके पास जाए?
  3. राजभाषा हिंदी है फिर परीक्षा हेतु एवं नियुक्ति हेतु अंग्रेजी को अनिवार्य क्यों किया गया है, क्या मप्र में नियुक्ति हेतु हिंदी का ज्ञान होना चौकीदारी का काम करने के लिए पर्याप्त नहीं है? 
  4. क्या देश अब भी अंग्रेजों का गुलाम है? क्या जिन्हें अंग्रेजी नहीं आती है उन्होंने कोई अपराध किया है?
  5. क्या भारतीय खाद्य निगम में अंग्रेजी ना जानने वाले योग्य बेरोजगार उम्मीदवारों को चौकीदार जैसे छोटे पदों पर भी नौकरी नहीं मिलेगी?
  6. जब ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य है फिर ऑनलाइन आवेदन हिंदी में भरने एवं आवेदन शुल्क के ई-भुगतान की सुविधा हिंदी में क्यों नहीं दी गई है?
  7. ऑनलाइन आवेदन के सभी जरूरी फॉर्म/नमूना प्रमाण-पत्र आदि केवल अंग्रेजी में तैयार क्यों किये गए हैं, उन्हें राजभाषा सम्बन्धी प्रावधानों के अनुसार द्विभाषी हिंदी -अंग्रेजी में एकसाथ क्यों  तैयार नहीं किया गया है ?
  8. लिखित परीक्षा में अंग्रेजी का प्रश्न-पत्र क्यों? 
  9. क्या भारतीय खाद्य निगम के राजभाषा अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं?

मैं आपसे अनुरोध करता हूँ कि भारतीय खाद्य निगम को निर्देश जारी करें कि चौकीदार के पदों को भरने हेतु ऑनलाइन आवेदन सम्बन्धी सम्पूर्ण व्यवस्था राजभाषा में उपलब्ध करवाए,  लिखित परीक्षा से अंग्रेजी का प्रश्न-पत्र तत्काल हटाया जाए एवं ऐसा होने तक आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाए|

आपकी ओर से शीघ्र कार्रवाई और उत्तर अपेक्षित है.

अभ्यावेदक:
प्रवीण जैन
201 अ, आदीश्वर सोसाइटी
सेक्टर 9 अवाशी नवी मुंबई - ४००७०३  

प्रतिलिपि:
  1. भारतीय खाद्य निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक 
  2. भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक (हिंदी)
  3. संसदीय राजभाषा समिति
  4. केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, गृह मंत्रालय, भारत सरकार